दक्षिण 24 परगना। बारुईपुर में नाबालिगा की हत्या के मुख्य आरोपित प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत के बाद उसकी पत्नी चंपा मंडल ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। आज सुबह पति की मौत की सूचना मिलने पर उन्होंने कहा कि उसने गलत किया, अपराध किया और गोली खाई। इसमें कहने जैसा कुछ नहीं है।उसे उसके गपनाहों की सजा मिली। चंपा मंडल ने कहा कि विवाह के बाद से उन्हें लगातार प्रताडऩा सहनी पड़ी। उनका एक बेटा है, परिस्थितियों के कारण वह घर छोड़ नहीं सकीं। उन्होंने कहा कि पति के व्यवहार को देखते हुए उन्हें पहले से ही विश्वास था कि वह ऐसा अपराध कर सकता है। उन्होंने बताया कि प्रभास कोई काम नहीं करता था और घर पर ही रहता था। घटना में उसका नाम सामने आने के बाद उन्हें लगा कि वह इस अपराध में शामिल हो सकता है। चंपा ने कहा कि वह यह नहीं कह सकतीं कि प्रभास ने यह अपराध नहीं किया। विवाह के बाद उन्होंने उसके कई गलत काम और अत्याचार देखे हैं। इसलिए वह मानती हैं कि उसी ने यह घटना की है। उल्लेखनीय है कि गत पांच जुलाई को बारुईपुर में 11 वर्ष की एक नाबालिगा के साथ यौन उत्पीडऩ के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया था। अगले दिन सुबह बच्ची का शव बोरे में बंद मिला। इस मामले में प्रभास मंडल प्रमुख आरोपितों में शामिल था।

