पार्सल के नाम पर अननोन नंबर से फोन कर वारदात, परिचितों से मांगे रुपये
9 जुलाई (आरएनएस ) प्रयागराज। साइबर ठगों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ज्वाइंट रजिस्ट्रार हर्ष कुमार का व्हाट्सएप हैक कर लिया। इसके बाद उनके परिचितों को मैसेज भेजे और पैसों की मांग की। उन्होंने बुधवार को कर्नलगंज थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वाइंट रजिस्ट्रार के मोबाइल नंबर पर सात जुलाई की दोपहर करीब 2:28 बजे अज्ञान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने बताया कि उनका एक पार्सल आया है और उसे घर पर प्राप्त करने के लिए एक कोड डायल करने को कहा। उन्होंने जैसे ही बताए गए कोड को डायल किया, उनका व्हाट्सएप अकाउंट ने काम करना बंद कर दिया।
कुछ ही देर बाद उनके परिचितों के फोन आने लगे। लोगों ने बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर से संदेश भेजकर तत्काल रुपये की मांग की जा रही है। कई परिचितों ने ऐसे संदेशों के स्क्रीनशॉट और अन्य विवरण भी उन्हें उपलब्ध कराए, जिन्हें उन्होंने अपनी शिकायत के साथ पुलिस को सौंपा है। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, साइबर ठग पार्सल डिलीवरी, केवाईसी अपडेट या बैंक संबंधी बहाने बनाकर लोगों से विशेष कोड डायल करवा रहे हैं। *21 जैसे कॉल फॉरवर्डिंग कोड सक्रिय होने पर ओटीपी और कॉल अपराधियों तक पहुंच सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

