डग्गामारों के खिलाफ चला अभियान, चार डग्गामार बसें सीज
9 जुलाई (आरएनएस ) प्रयागराज। ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार सुबह शहर में डग्गामार बसों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। एसीपी ट्रैफिक निकिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में मेडिकल चौराहे से सीएमपी कॉलेज तक गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से सवारियां भर रही चार डग्गामार बसों को पकड़कर ट्रैफिक लाइन भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। जबकि बसों के चालक और कंडक्टर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
जांच के दौरान पता चला कि ये बसें रोडवेज के अस्थायी बस अड्डे के सामने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी कर विभिन्न रूटों के लिए सवारियां भर रही थीं। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बन रही थी और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ट्रैफिक पुलिस की टीम लेकर एसीपी ट्रैफिक निकिता दोपहर 12 बजे के करीब जैसे ही मौके पर पहुंचीं, बस संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई से बचने के लिए चालक और कंडक्टर बसें छोड़कर भाग निकले।
पुलिस ने चारों बसों को कब्जे में लेकर ट्रैफिक लाइन भिजवा दिया। उधर नो पार्किंग जोन में खड़े 60 वाहनों का चालान भी किया गया।
बताया गया कि मेडिकल चौराहे से सीएमपी कॉलेज जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से डग्गामार बसें अवैध रूप से खड़ी कर सवारियां भर रही थीं। इससे ट्रैफिक व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही थी। शुक्रवार सुबह भी इस संबंध में अधिकारियों को शिकायत मिली, जिसके बाद तत्काल अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
बाइक के धक्के से घायल साइकिल सवार युवक की इलाज के दौरान मौत ==
9 जुलाई (आरएनएस ) प्रयागराज । एयरपोर्ट थानाक्षेत्र के पीपलगांव में तेज रफ्तार बाइक के धक्के से साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। गंभीर अवस्था में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन महीने बाद बाइक नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एअरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपलगांव निवासी संगम लाल पटेल की पत्नी विजमा देवी की तहरीर के मुताबिक उनका बेटा निखिल पटेल एक मई की दोपहर करीब एक बजे एयरपोर्ट वाली रोड मोहनी चौराहा से अपने घर की तरफ लौट रहा था। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से निखिल बेहोश हो गया।
परिजनों ने उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन, तीन मई को निखिल की इलाज के दौरान मौत हो गई। एयरपोर्ट थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है।

