कांकेर, 10 जुलाई (आरएनएस)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने ग्राम फरसकोट स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में राष्ट्रीय एकता, साइबर सुरक्षा, बाल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण विषयों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच जमुना सलाम, उप सरपंच तरुण पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही विद्यालय के सामने स्थापित स्वागत साइन बोर्ड का भी उद्घाटन किया गया और अधिक से अधिक पौधे लगाने व उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, यातायात नियम, वित्तीय सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, नशे के दुष्प्रभाव, मानव तस्करी, बच्चों से संबंधित नए कानूनों और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जागरूक किया गया।
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, वित्तीय अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, डायल 112 या कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 9479155125 पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

