रुड़की,10 जुलाई (आरएनएस )। सर्राफा की दुकान से लाखों के जेवर चोरी के मामले में बागपत जेल में बंद एक शातिर चोर को रिमांड पर लेकर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की चांदी बरामद की है। रिमांड पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे वापस बागपत जेल में शिफ्ट कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पूर्वी अंबर तालाब में खन्ना ज्वेलर्स की दुकान से चोरों ने पिछले माह लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।इस मामले में बापगत पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों ने बागपत के अलावा रुड़की में भी चोरी की थी, जबकि एक आरोपी को रुड़की पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया था। साथ ही आरोपी को जेल भेज दिया था। तभी से पुलिस बागपत जेल में बंद शातिर चोर सोएब को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही थी। इसके लिए गंगनहर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने प्रार्थना पत्र पर पुलिस को दो दिन का रिमांड मंजूर किया था। इस पर पुलिस गुरुवार को आरोपी सुऐब को बागपत जेल से रुड़की लेकर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई करीब सात सौ ग्राम चांदी बरामद की है। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी का दो दिन का रिमांड लिया गया था। शुक्रवार को रिमांड का समय पूरा होने के बाद आरोपी को बागपत जेल में शिफ्ट कर दिया है। अन्य आरोपियों को भी रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

