रुड़की,10 जुलाई (आरएनएस )।। क्षेत्र में एक ओर जगह-जगह जलभराव से लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में कच्चे और कमजोर मकानों में रहने वाले परिवारों पर मानसून आफत बनकर टूट पड़ा है। भारी बारिश के चलते ग्राम खेड़ी शिकोहपुर में कई मकानों और एक पशुशाला को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शमीम अंसारी, रफी कुरैशी और कुर्बान के पक्के मकानों का कुछ हिस्सा तेज बारिश के कारण भरभराकर गिर गया। वहीं वाजिद की पशुशाला भी धराशायी हो गई। हादसे के दौरान शाहाना पत्नी कुर्बान मलबे की चपेट में आने से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। मकानों के क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने, खाने और दैनिक जीवन की व्यवस्था का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। लगातार बारिश के कारण लोग दहशत में हैं और अन्य कमजोर मकानों में रहने वाले परिवार भी किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पीडि़त परिवारों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

