रुड़की,10 जुलाई (आरएनएस )। लगातार हो रही बारिश का असर रुड़की रोडवेज डिपो की आय पर भी पडऩे लगा है। बारिश के चलते यात्रियों की संख्या में कमी आने से रोडवेज को हर दिन करीब दो से तीन लाख रुपये तक का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लगातार गिरती आय को लेकर रोडवेज कर्मचारियों में भी चिंता बढ़ गई है। रुड़की रोडवेज डिपो में वर्तमान समय में करीब 44 बसों का संचालन किया जा रहा है। सामान्य दिनों में डिपो की प्रतिदिन की औसत आय करीब साढ़े सात से आठ लाख रुपये के आसपास रहती है, लेकिन एक जुलाई से स्कूल खुलने और यात्रा सीजन में कमी आने के बाद यात्रियों की संख्या में गिरावट शुरू हो गई थी।इसके बाद लगातार हो रही बारिश ने निगम की परेशानी और बढ़ा दी है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में डिपो की आय लगातार कम हुई है। छह जुलाई को डिपो की आय करीब साढ़े छह लाख रुपये रही थी, जो इसके बाद घटकर पांच लाख और फिर चार लाख रुपये तक पहुंच गई। वहीं एक दिन पहले आय तीन लाख रुपये के आसपास भी दर्ज की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि बरसात के मौसम में लोग जरूरी काम होने पर ही यात्रा कर रहे हैं। इसके अलावा स्कूल खुलने के बाद भी बसों में यात्रियों की संख्या प्रभावित हुई है। यदि आने वाले दिनों में बारिश जारी रही और आय में सुधार नहीं हुआ तो निगम के सामने आर्थिक चुनौतियां और बढ़ सकती हैं। रुड़की डिपो एजीएम अमिता सैनी ने बताया कि बारिश के कारण यात्रियों की संख्या में कमी आई है, जिसका सीधा असर रोडवेज की आय पर पड़ा है। मौसम में सुधार होने के बाद यात्रियों की संख्या बढऩे की उम्मीद है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

