बागेश्वर,11 जुलाई (आरएनएस ) । जिले के गरुड़ क्षेत्र के पुरड़ा निवासी अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट सागर थायत का चयन कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के लिए हो गया है। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (पीसीआई) की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में इसकी पुष्टि की गई है। सागर का चयन मेन्स डिस्कस थ्रो (एफ-42/44 एवं एफ-61/64) स्पर्धा में डायरेक्ट क्वालिफिकेशन के आधार पर हुआ है। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। इससे पहले भी वह कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन 23 जुलाई से तीन अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा, जहां सागर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन की खबर से बागेश्वर समेत पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों को उनसे प्रतियोगिता में पदक जीतने की उम्मीद है। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के महासचिव जयवंत जीएच ने पत्र भेजकर सागर को बधाई देते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सागर की इस उपलब्धि पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, पूर्व विधायक ललित फस्र्वाण, लक्ष्मण आर्या, घनश्याम जोशी, जेसी आर्या, भुवन पाठक सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सागर ने जो मुकाम हासिल किया है, वह युवाओं और उभरते पैरा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

