मिदनापुर (पश्चिम बंगाल),11 जुलाई(आरएनएस)। मिदनापुर शहर के एक निजी अंग्रेजी स्कूल में पहली कक्षा के एक छात्र के साथ यौन उत्पीडऩ का मामला सामने आया है. यह घटना शुक्रवार की बतायी जा रही है. आरोप है कि जब स्कूल चल रहा था, तब वहां के एक अस्थायी कर्मचारी ने इस वारदात को अंजाम दिया. पीडि़त की मां ने आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है.
पीडि़त बच्चे के परिवार ने पश्चिम मिदनापुर के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस में जाने से पहले स्कूल प्रशासन को इसकी मौखिक सूचना दी गई थी. जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस के आने से पहले ही आरोपी को एक कमरे में बंद कर दिया और बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
पीडि़त बच्चे की मां ने बताया कि स्कूल दोपहर 12:10 बजे खत्म होता है. हर दिन की तरह, वह शुक्रवार को भी अपने बेटे को लेने आई थीं. घर लौटते समय, बच्चे ने उन्हें बताया कि स्कूल के एक कर्मचारी ने उसे शौचालय में ले जाकर मुंह खोलकर घुटनों के बल बैठने को कहा, और फिर उसके साथ यौन उत्पीडऩ किया.
महिला ने इस घटना के बारे में अपने पति को बताया. जिसके बाद उन्होंने स्कूल प्रशासन से संपर्क कर मामले की जानकारी दी. पीडि़त की मां का दावा है कि स्कूल प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया कि उस कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया जाएगा. बाद में, परिवार ने कोतवाली थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
स्कूल प्रशासन ने बताया कि स्कूल द्वारा सीधे नौकरी पर नहीं रखा गया था, बल्कि एक बाहरी एजेंसी के माध्यम से नियुक्त किया गया था. वह पिछले 8-9 महीनों से स्कूल में सफाईकर्मी के रूप में काम कर रहा था. स्कूल प्रशासन ने यह भी बताया कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ पीडि़त के माता-पिता ने अन्य अभिभावकों को भी इस घटना की जानकारी दी. इसके बाद, कई अन्य अभिभावक स्कूल में इक_ा हो गए और आरोपी को बाहर निकालने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे. हालांकि, आरोपी को बाहर नहीं लाया गया, क्योंकि किसी को उत्तेजित (गुस्साई) भीड़ के हवाले करना ठीक नहीं समझा.
स्कूल प्रशासन ने कहा, हम छात्र के साथ खड़े हैं और आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हैं. अन्य अभिभावकों ने भी आरोपी युवक के लिए ऐसी कड़ी सजा की मांग की जो मिसाल बने.
शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा, स्कूल के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों ने इस मामले पर सीधे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. एक अधिकारी ने कहा, इस घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू हो चुकी है. हम आरोपी को आज अदालत में पेश करेंगे और पुलिस हिरासत की मांग करेंगे.
शनिवार को पंचायत मंत्री दिलीप घोष एक कार्यक्रम के लिए स्कूल पहुंचे थे. कार्यक्रम के बाद निकलते समय जब पत्रकारों ने उनसे स्कूल में यौन उत्पीडऩ के आरोपों के बारे में पूछा, तो जवाब में दिलीप घोष ने कहा, इस तरह के सामाजिक अपराध काफी बढ़ गए हैं. अतीत में, ऐसे कृत्यों के लिए न्याय नहीं मिलता था. आज, पुलिस सक्रिय हो गई है और स्कूल भी सक्रिय कदम उठा रहा है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

