कोलकाता,11 जुलाई(आरएनएस)। बारुईपुर के सूर्यपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूरे राज्य में अवैध शराब, गांजा, चरस और अन्य मादक पदार्थों के अड्डों के खिलाफ दो सप्ताह का विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध के पीछे ऐसे अवैध अड्डों की बड़ी भूमिका रही है और इन्हें जड़ से समाप्त करना आवश्यक है। आज सूर्यपुर में नए पुलिस चौकी का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने पीडि़त नाबालिग के परिवार और भीड़ की हिंसा में मारे गए इंद्रजीत मंडल के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दोनों परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में निर्देश दिया कि अगले दो सप्ताह तक राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की अतिरिक्त बटालियनों और वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस अभियान में लगाया जाए, ताकि जहां कहीं भी अवैध शराब, गांजा या चरस के अड्डे हैं, वहां सख्त कार्रवाई हो सके। शुभेंदु अधिकारी ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उनके इलाके में अवैध शराब या मादक पदार्थों के अड्डों की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि केवल रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों से भी इस सामाजिक बुराई को पूरी तरह खत्म करना होगा, ताकि समाज और आने वाली पीढिय़ों को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि सीमा क्षेत्रों में राज्य पुलिस का विशेष कार्यबल लगातार मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रहा है, लेकिन अब गांवों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

