लखनऊ/मेरठ,11 जुलाई(आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को मेरठ पहुंचकर दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड के पीडि़त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए न्याय की लड़ाई में हर संभव साथ देने का आश्वासन दिया और राज्य सरकार से पीडि़त परिवार की सभी मांगों को पूरा करने की मांग की।अखिलेश यादव ने कहा कि मृतक छात्रा को न्याय मिलना चाहिए और सरकार को इस मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि विरोध प्रदर्शन करने वालों पर गंभीर धाराएं लगाई गईं। इसे उन्होंने न्याय के साथ अन्याय बताया।सपा अध्यक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस पुलिस से लोगों को न्याय की उम्मीद होती है, उसी के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के व्यवहार ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी का वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित हुआ है, जिससे पुलिस की छवि प्रभावित हुई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग में अनेक अधिकारी और कर्मचारी अपनी कर्तव्यनिष्ठा तथा संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं और वंचित वर्गों से जुड़े मामलों में अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा पा रही है।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडि़त परिवार के साथ खड़ी है और मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगी और सरकार से जवाबदेही की अपेक्षा कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

