लखनऊ,11 जुलाई(आरएनएस)। राजधानी लखनऊ के नाका हिंडोला थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार फतेहगंज गल्ला मंडी, नाका हिंडोला निवासी अनीता गुप्ता की तहरीर पर थाना नाका हिंडोला में मुकदमा संख्या 116/2026 धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी शैवी सोनकर उर्फ ऋषभ सोनकर ने उनके पति अजय गुप्ता को मानसिक रूप से प्रताडि़त और आत्महत्या के लिए प्रेरित किया, जिसके चलते अजय गुप्ता ने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी।घटना के बाद मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए गए। इसी क्रम में शनिवार को थाना नाका हिंडोला पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी शैवी सोनकर उर्फ ऋषभ सोनकर (29 वर्ष), निवासी मौलवीगंज, थाना अमीनाबाद, को विरहाना चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना कैसरबाग में वर्ष 2021 में मारपीट, रंगदारी, धमकी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास को भी विवेचना के दौरान ध्यान में रखा जा रहा है।इस गिरफ्तारी अभियान को थाना नाका हिंडोला पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह और कांस्टेबल अनीश शाह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण जैसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है तथा विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

