कुशीनगर,11 जुलाई(आरएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग युवाओं का रोजगार छीनने का पाप करते थे, वे अयोध्या, मथुरा और काशी के विकास के बारे में सोच भी नहीं सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मंदिरों के नाम पर आने वाले धन का दुरुपयोग किया जाता था और मंदिरों की संपत्ति पर कब्जे कराए जाते थे, जबकि वर्तमान सरकार मंदिरों के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मंदिरों के धन को कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च करने वाले लोगों को विकास पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कुशीनगर की पहचान इंसेफेलाइटिस, पिछड़ेपन और पलायन जैसी समस्याओं से होती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, स्वच्छता, टीकाकरण और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है और स्वास्थ्य व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक सुदृढ़ हुई है।उन्होंने कहा कि वर्षों तक गरीबों के नाम पर राजनीति करने वाले दलों ने मुसहर समाज जैसे वंचित वर्गों को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा। वर्तमान सरकार ने ऐसे परिवारों को पक्के आवास, भूमि के पट्टे, आयुष्मान भारत कार्ड, नि:शुल्क राशन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोडऩे का कार्य किया है। इससे उनमें सम्मान और आत्मविश्वास की भावना विकसित हुई है।कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण गुंडागर्दी और दंगों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज दंगा मुक्त राज्य के रूप में पहचान बना चुका है और सभी प्रमुख त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि “नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में अब सब चंगा।” मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा तथा दुर्घटना बीमा का लाभ दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुशीनगर को पर्यटन, कृषि, उद्योग और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जेवर और गया से जोडऩे की तैयारी चल रही है। नए विमानों की उपलब्धता के बाद यहां से हवाई सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि खड्डा क्षेत्र में नारायणी नदी पर लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का निर्माण कराया गया है तथा रामकोला-कसया मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी जल्द स्वीकृत किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुशीनगर में कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, जहां इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू होंगे। केला उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए टिश्यू कल्चर लैब की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने कहा कि निवेश और रोजगार अब केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूर्वांचल के जिलों में भी तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार का कार्य कराया जा रहा है। कुशीनगर में रामाभार स्तूप के निकट बौद्ध घाट और हिरण्यवती नदी के किनारे पर्यटक सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 110 वर्षीय राम विलास भगत और 104 वर्षीय राम प्रसाद साहनी को सम्मानित किया तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित बचपन ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि यंत्र वितरण तथा अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।कार्यक्रम में मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, सांसद विजय दुबे, सांसद रवि किशन, विधायक पीएन पाठक, मोहन वर्मा, विनय प्रकाश गौड़, विवेकानंद पाण्डेय, मनीष जायसवाल, डॉ. असीम कुमार राय, सुरेंद्र कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य डॉ. रतनपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

