लखनऊ,11 जुलाई(आरएनएस)। रेलवे प्रशासन ने रेल संरक्षा और सुरक्षित ट्रेन संचालन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गोरखपुर मंडल के डोमिनगढ़–जगतबेला रेलखंड पर स्थित रेलवे पुल संख्या 182 (ककरा नदी) और रेलवे पुल संख्या 183 (रोहिन नदी) के सर्विस पाथ पर दोपहिया वाहनों की अनधिकृत आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। इसके लिए दोनों पुलों के सर्विस पाथ पर अवरोधक (बैरियर) लगाए गए हैं।रेलवे प्रशासन के अनुसार यह कदम रेलवे ट्रैक और पुलों के अनुरक्षण कार्य को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए उठाया गया है। सर्विस पाथ का निर्माण विशेष रूप से रेलवे कर्मचारियों के आवागमन के लिए किया जाता है, ताकि ट्रैक और पुलों के रखरखाव संबंधी कार्य समय पर और सुरक्षित ढंग से किए जा सकें।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन पाथ वे का उपयोग ट्रैकमैन, कीमैन तथा ट्रेन संचालन से जुड़े लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर सहित अन्य अधिकृत कर्मचारी आवश्यकता के अनुसार करते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से इन मार्गों का उपयोग अनधिकृत रूप से दोपहिया वाहन चालक भी करने लगे थे, जिससे रेल संरक्षा और परिचालन सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका बनी हुई थी।इसी को देखते हुए रेलवे ने दोनों पुलों के सर्विस पाथ पर अवरोधक स्थापित कर अनधिकृत आवागमन पर रोक लगा दी है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे कर्मचारियों के सुरक्षित आवागमन तथा ट्रेन संचालन को निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे रेलवे के सर्विस पाथ और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों का अनधिकृत उपयोग न करें तथा रेल सुरक्षा नियमों का पालन करें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

