लखनऊ,11 जुलाई(आरएनएस)। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा ऐशबाग स्थित रेलवे पॉली क्लीनिक में जनसंख्या नियंत्रण, परिवार नियोजन और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र के निर्देशन में किया गया।कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय तिवारी, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. कुमार उमेश और डॉ. रुचिका किशोर ने उपस्थित रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बढ़ती जनसंख्या के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा करते हुए परिवार नियोजन को स्वस्थ एवं समृद्ध समाज की आधारशिला बताया।चिकित्सकों ने कहा कि सीमित और सुनियोजित परिवार न केवल बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करता है, बल्कि बच्चों के बेहतर पालन-पोषण, शिक्षा और परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने लोगों से परिवार नियोजन के उपलब्ध साधनों का उपयोग करने तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित परिवार, स्वच्छ जीवनशैली और जनसंख्या स्थिरीकरण जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें परिवार कल्याण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में चिकित्सा कर्मियों, रेलवे कर्मचारियों तथा उनके परिवार के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

