लखनऊ,11 जुलाई(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा का जन्मदिन शनिवार को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर सुबह से ही जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों, शुभचिंतकों और बड़ी संख्या में नागरिकों का तांता लगा रहा। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की।दिनभर उनके सरकारी आवास पर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर लोगों ने जनसेवा, विकास कार्यों तथा उनकी सरल और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की।जन्मदिन के अवसर पर सोशल मीडिया पर भी ए. के. शर्मा को शुभकामनाओं का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा। देश और प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से उन्हें जन्मदिन की बधाई और मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।ऊर्जा मंत्री के गृह जनपद मऊ में भी जन्मदिन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जिले के 20 से अधिक स्थानों पर समर्थकों और प्रशंसकों ने सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मोत्सव मनाया। कई स्थानों पर गरीबों के बीच फल और मिठाइयों का वितरण किया गया तथा उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।जन्मदिन पर मिले स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं के लिए ए. के. शर्मा ने सभी शुभचिंतकों, समर्थकों और प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का प्रेम, विश्वास और स्नेह ही उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी और प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि यही विश्वास उन्हें अधिक समर्पण, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ समाज और प्रदेश की सेवा करने की शक्ति देता है।उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ प्रदेश के विकास तथा जनकल्याण के कार्यों में जुटे रहेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

