छिंदवाड़ा 12 जुलाई (आरएनएस)। ससुराल की प्रताडऩा से तंग आकर 32 वर्षीय प्रीति वर्मा ने जहर खाकर जान दे दी। सबूत मिटने के डर से महिला ने मरने से पहले अपने हाथ-पैरों पर मेहंदी से सुसाइड नोट लिखा, जिसे पुलिस अब मुख्य साक्ष्य मानकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रीति वर्मा की 13 साल पहले लखन वर्मा से शादी हुई थी। भाई हरिओम जांघेला ने बताया कि प्रीति को आशंका थी कि यदि वह कागज पर सुसाइड नोट लिखेगी तो ससुराल पक्ष उसे नष्ट कर सकता है। इसी वजह से उसने हाथ और पैरों पर मेहंदी से पूरी बात लिखी, ताकि कोई उसे मिटा न सके।
भाई के मुताबिक, ससुराल पक्ष लंबे समय से प्रीति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त कर रहा था। इस संबंध में 2 से 3 बार थाने में शिकायत भी की। हर बार पति लखन वर्मा समझौते का भरोसा देकर उसे वापस ले जाता, लेकिन कुछ समय बाद फिर मारपीट और प्रताडऩा शुरू हो जाती थी। लगातार परेशान होकर प्रीति ने यह कदम उठाया।
चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले ने बताया कि शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खाने के बाद महिला को पहले जिला अस्पताल और फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
पुलिस ने मृतका के हाथ और पैरों पर लिखे नोट की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है। जांच में इसे साक्ष्य के रूप में शामिल किया जाएगा। मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी चौरई मोहन मर्सकोले ने बताया कि महिला ने हाथ-पैरों पर मेहंदी से जो बातें लिखी हैं, उनमें पति और ससुराल पक्ष का उल्लेख है। इन्हीं तथ्यों को साक्ष्य मानकर जांच की जा रही है। मायके पक्ष के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

