– भाकियू टिकैत गुट ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
खागा, फतेहपुर। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में बिजली और खाद की समस्या को लेकर किसानों का आक्रोश तहसील में देखने को मिला। भारतीय किसान यूनियन टिकैत की मासिक बैठक में किसानों ने बिजली, सिंचाई, खाद और कृषि संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की गई।
बैठक में किसानों ने कहा कि धान की रोपाई पूरे क्षेत्र में चल रही है, लेकिन अनियमित विद्युत आपूर्ति से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई गांवों में घंटों बिजली नहीं मिल रही, जबकि कई स्थानों पर एक फेज बंद रहने से किसान मोटर नहीं चला पा रहे हैं। इससे खेती का काम बाधित हो रहा है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि सहकारी समितियों और निजी कृषि केंद्रों पर खाद की उपलब्धता बेहद कम है। समय पर उर्वरक न मिलने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने और कृषि विभाग की व्यवस्थाओं में सुधार की भी मांग उठाई। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान कराया जाएगा। बैठक में तहसील अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान, विवेक सिंह, जय सिंह संगठन के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

