बलौदाबाजार, 15 जुलाईं (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम यदू खम्हरिया के झोरकी नाला के पास घेराबंदी कर एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 32 पाव देशी मसाला शराब जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि झोरकी नाला के पास एक युवक भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित कुमार रात्रे (25 वर्ष) निवासी ग्राम यदू खम्हरिया बताया।
गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के पास रखी प्लास्टिक बोरी से 32 पाव देशी मसाला रोमियो शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 3,200 रुपये है, बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 600/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

