सुल्तानपुर 9 नवंबर (आरएनएस )। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करोमी में वर्तमान प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच चली आ रही रंजिश अब तूल पकड़ रही है। 30 अक्टूबर को हुई मारपीट और तोडफ़ोड़ की घटना में पुलिस ने ग्राम प्रधान, दीवानी न्यायालय के एक कर्मी सहित 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि उक्त लोगों ने महिला पूर्व प्रधान के घर में घुसकर गाली-गलौज की, मारपीट की और संपत्ति को नुकसान पहुँचाया। घटना के बाद पीडि़त पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले पूर्व प्रधान पक्ष के नौ लोगों पर भी इसी प्रकरण को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था। लगातार हो रही रंजिश को देखते हुए गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत रहने की हिदायत दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

