जौनपुर 9 नवंबर (आरएनएस )। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में मखन्चू हत्याकांड के मुख्य आरोपी शक्ति उर्फ शक्तिमान बनवासी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में शक्ति घायल हुआ और उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल व कारतूस बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक ने 1 नवंबर की रात ग्राम कडैला में हुई मखन्चू हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया था। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि पुलिस पूछताछ में गोरख गौतम ने बताया कि मृतक मखन्चू, जो झाड़-फूंक का काम करते थे, शक्ति के रिश्तेदार थे। शक्ति का मखन्चू से जमीन और पैसे को लेकर विवाद था। आरोप है कि मखन्चू ने शक्ति की मां पर श्मेलानश् (भूत-प्रेत) कर दिया था, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। इसी बदले की भावना में शक्ति ने गोरख और शत्रुधन यादव के साथ मिलकर 1 नवंबर को मखन्चू की हत्या की योजना बनाई। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा अपनी टीम के साथ करंजाकला मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इस दौरान एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार शक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर शक्ति ने पुलिस पर फायर किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसे घायल कर सुल्तानपुर की ओर भागने से रोका।घायल आरोपी की पहचान शक्तिमान उर्फ शक्ति बनवासी, पुत्र मनीराम, ग्राम कुहिया, थाना सरायख्वाजा के रूप में हुई। उसके कब्जे से 32 बोर पिस्टल, 2 खोखा कारतूस और ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद हुई। वहीं, गोरख गौतम और शत्रुधन यादव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

