तरबगंज (गोण्डा) 9 नवंबर। जनपद के तरबगंज थाना क्षेत्र के बौरिहा में रविवार को ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की बैटरी चोरी कर ले जा रहे एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी फैक्ट्री में खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चुराकर ले जा रहा था, तभी ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
घटना महाराजगंज बाजार और बौरिहा डीह मार्ग पर स्थित एक इंटरलॉकिंग ईंट निर्माता फैक्ट्री में हुई। फैक्ट्री काशीपुर जूनियर हाई स्कूल के सामने स्थित है। ग्रामीणों ने आरोपी को साइकिल के करियर पर बोरे में बैटरी ले जाते हुए देखा और उसे रोक लिया।
बौरिहा निवासी अभिनव सिंह ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम राजिंदर सिंह पुत्र गजई, निवासी चन्दीपुर बताया। उसने स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में यह चोरी की थी।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

