-भाजपा विधानसभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की कार्यशाला का हुआ आयोजन
अयोध्या 9 नवंबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में अयोध्या विधानसभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान ( एसआईआर ) में पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। कार्यशाला में बूथ प्रवास, मतदाता सूची सत्यापन और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला में चुनाव आयोग की पीपीटी के माध्यम से मौजूद कार्यकर्ताओं को अभियान की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में क्षेत्रीय महामंत्री एवं महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता लोकतंत्र को सशक्त करने के मिशन में जुटा है। मतदाता पुनरीक्षण अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र के आधार को मजबूत करने का महाअभियान है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर सक्रिय रहकर यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, इसलिए कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से इस कार्य में जुटें। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मतदाता सूची का सशक्त और त्रुटिरहित होना आगामी चुनावों की तैयारी का सबसे अहम चरण है। हर कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि अपने क्षेत्र में किसी पात्र मतदाता का नाम छूट न जाए। हमें केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की भावना से काम करना है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता जागरूकता बढ़ाएं तथा नए मतदाताओं को जोडऩे का कार्य प्राथमिकता से करें। कार्यशाला में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, अभिषेक मिश्र, अभियान संयोजक तिलकराम मौर्या, शैलेंद्र कोरी, परमानंद मिश्रा, गन्ना चेयरमैन दीपेंद्र सिंह, मंडल व शक्ति केन्द्र पदाधिकारी, बीएलए-टू मौजूद रहे।

