पौड़ी,09 नवंबर (आरएनएस)। क्षेत्र के राज्य आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सीएचसी बागी को उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकृत करने की मांग की है। ज्ञापन तहसीलदार धीरज राणा के माध्यम से भेजा गया। आंदोलनकारियों ने कहा कि क्षेत्रीय जनता पिछले एक वर्ष से इस मांग को लेकर आंदोलनरत है। मई माह में जनप्रतिनिधियों ने धरना-प्रदर्शन भी शुरू किया था, जिसे चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण स्थगित करना पड़ा। उन्होंने बताया कि सीएचसी बागी पर भरपूर पट्टी की 30, पालकोट की 25, खास पट्टी की 15 ग्राम पंचायतों तथा कोट ब्लॉक की 20 ग्राम पंचायतों सहित नगर पालिका देवप्रयाग की हजारों की आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्भर है। यह केंद्र ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के मध्य स्थित दुर्घटनाग्रस्त जोन में आता है, जहां सुविधाओं के अभाव में मरीजों को ऋषिकेश या श्रीनगर रेफर करना पड़ता है। आंदोलनकारियों ने कहा कि राज्य निर्माण के 25 वर्ष बाद भी देवप्रयाग क्षेत्र की जनता मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने सरकार से शीघ्र अस्पताल के उच्चीकरण का शासनादेश जारी करने की मांग की है।
ज्ञापन पर विनोद टोडरिया, जयपाल सिंह पंवार, प्रेमचंद, प्रताप सिंह, डॉ. जे.पी. उनियाल, दरमियान सिंह, हरि कृष्ण भट्ट, सबल सिंह राणा और विंदेश्वरी देवी सहित कई राज्य आंदोलनकारियों के हस्ताक्षर हैं। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

