एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
प्रयागराज 9 नवंबर (आरएनएस )। कोरांव थाना क्षेत्र में बीती रात दो अलग-अलग घटनाओं में दो विवाहिताओं ने आत्महत्या का प्रयास किया। इनमें से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों ही मामलों में पति-पत्नी के बीच विवाद को कारण बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना मझिगवां गांव में हुई, जहां 37 वर्षीय निर्मला पत्नी शिवमंगल ने पति से झगड़े के बाद अपने कमरे में पंखे के चुल्ले से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। झगड़े के बाद पति घर से बाहर चला गया था। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका निर्मला की दो पुत्रियां, श्वेतल (15) और स्वेजल (5) हैं।
निर्मला का मायका मिर्जापुर जनपद के कठवार लालगंज में है, जहां लगभग 16 साल पहले उसकी शादी हुई थी। पंचनामा के दौरान मायके पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। निर्मला के जेठ ने बताया कि वह मामूली रूप से मानसिक विक्षिप्त थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
दूसरी घटना बीती रात कोरांव थाना क्षेत्र के भगेसरा गांव में हुई। यहां अर्चना देवी पत्नी राकेश ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया। परिजन तत्काल अर्चना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अर्चना की हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जाता है कि पारिवारिक विवाद के चलते अर्चना ने यह कदम उठाया था।
कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच कराई जा रही है। दोनों घटनाओं की जांच के लिए टीम लगा दी गई है और जल्द ही अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

