दो सौयात्रियों को लौटाए, अगले रविवार शेष को और मिलेंगे
प्रयागराज 9 नवंबर (आरएनएस )। प्रयागराज जीआरपी द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी प्रयागराज ने बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम में जीआरपी पुलिस ने विभिन्न ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर से गुम या चोरी हुए लगभग 400 मोबाइल फोन बरामद किए।
इनमें से 200 यात्रियों को उनके मोबाइल फोन वापस लौटाए गए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा के निर्देशन में संचालित किया गया।
सीओ रेलवे अरुण कुमार पाठक के मार्गदर्शन और थाना जीआरपी प्रयागराज के प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस और सर्विलांस टीम ने मिलकर उन मोबाइलों को ट्रेस किया, जिनकी गुमशुदगी या चोरी की रिपोर्ट यात्रियों ने विभिन्न तिथियों में दर्ज कराई थी।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन पर दूर-दराज से आए यात्रियों को उनके मोबाइल फोन वापस मिले। कई यात्रियों ने जीआरपी प्रयागराज की तत्परता और तकनीकी दक्षता की सराहना की। जीआरपी की इस पहल के तहत न केवल आम यात्रियों के बल्कि महिला मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं के गुम हुए मोबाइल भी बरामद कर संबंधित केंद्रों पर सुपुर्द किए गए।
मोबाइल बरामदगी में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह, निरीक्षक सोनू कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार यादव, हेड कॉन्स्टेबल मिथिलेश (सर्विलांस सेल) और कॉन्स्टेबल मो. इरफान खां प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जीआरपी प्रयागराज ने बताया कि अगले रविवार को शेष लगभग 200 अन्य यात्रियों के मोबाइल भी उन्हें सौंप दिए जाएंगे। यह अभियान रेलवे में बढ़ती चोरी, अवैध तस्करी और अपराधों की रोकथाम की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

