हल्द्वानी,10 नवंबर (आरएनएस)। दिव्यांगजनों के लिए अच्छी खबर है। उनकी शारीरिक बाधा को दूर करने के लिए अमेरिका निर्मित आधुनिक कृत्रिम अंग निशुल्क लगाए जाएंगे। हरीकृष्णा फाउंडेशन बालोतरा, राजस्थान के सहयोग से इनरव्हील क्लब मोबिलिटी मिशन शिविर आयोजित करने जा रहा है। इस मिशन के तहत दिव्यांगजनों को निशुल्क आधुनिक कृत्रिम पैर, कैलिपर और कृत्रिम हाथ लगाए जाएंगे। इसके लिए क्लब ने पंजीकरण शुरू कर दिए हैं। सोमवार को रामपुर रोड स्थित एक निजी संस्थान में प्रेस कॉफ्रेंस कर क्लब की अध्यक्ष मधुर अग्रवाल ने बताया कि 12 जनवरी को अग्रसेन भवन, रामपुर रोड में दिव्यांग लाभार्थियों के लिए कृत्रिम पैर और कैलिपर का माप लिया जाएगा। इसके 10 दिन बाद लाभार्थियों को कृत्रिम अंग दिए जाएंगे। इसके लिए भी पूर्व में सूचना दी जाएगी। इच्छुक लाभार्थी अपने रजिस्ट्रेशन के लिए 9359412965 और 7986157198 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष कार्यक्रम के माध्यम से 70 लाभार्थियों को कृत्रिम अंग दिए गए थे। यहां निवेदिता पांडे, शशि खंडेलवाल, दीपा तिवारी, ऋतु त्यागी, डॉ. राशि कौशल, अमिता मेहरा, लिली सिंह और सुशीला भाकुनी मौजूद रहे। कृत्रिम अंगों से दिव्यांग कर सकेंगे जरूरी कार्य अध्यक्ष मधुर अग्रवाल ने बताया कि दिव्यांग कृत्रिम पैर से न केवल चल फिर सकते हैं, बल्कि दौड़ भी सकते हैं, सीढिय़ां चढ़ सकते हैं, साइकिल चला सकते हैं और योगासन भी कर सकते हैं। वहीं, जिनके हाथ कोहनी से आगे कटे हुए हैं, उन्हें अमेरिका निर्मित कृत्रिम हाथ निशुल्क लगाए जाएंगे। इन कृत्रिम हाथों की मदद से लाभार्थी खाना खा सकते हैं, कप उठा सकते हैं, लिख सकते हैं, वाहन चला सकते हैं, यहां तक कि रसोई या मजदूरी का कार्य भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए हाथ कोहनी से चार इंच आगे होना जरूरी है। पांच किमी दूर स्कूल जाने वाली बालिकाएं होंगी चिन्हित क्लब की ओर से पांच किमी दूर स्कूल जाने वाली बालिकाओं को पढ़ाई के प्रति जागरूक करने के लिए साइकिल देने के लिए चिह्नित किया जाएगा। क्लब की अध्यक्ष मधुर ने बताया कि अभियान के तहत हर जिले में दूरस्थ क्षेत्रों से स्कूल जाने वाली बालिकाओं को साइकिलें और दिव्यांगजनो को व्हीलचेयर भी प्रदान की जाएंगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

