देहरादून,10 नवंबर (आरएनएस)। उत्तराखंड के 100 सरकारी स्कूलों में एआई आधारित करियर लैब स्थापित की जाएंगी। यह लैब छात्रों को स्कूली शिक्षा के बाद करियर के साथ ही उच्च शिक्षा के विकल्प चुनने में मदद करेगी। सोमवार को समग्र शिक्षा और बियॉन्ड मेंटॉर संस्था के बीच देहरादून में अहम करार हुआ। देहरादून स्थित राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा में सोमवार को स्कूलों में इस पहल की शुरूआत की गई। अपर राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा डॉ.मुकुल कुमार सती और बियॉन्ड मेंटर के सीईओ सौरभ कुमार ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत बियॉन्ड मेंटॉर संस्था राज्य के 100 सरकारी सकूलों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई) आधारित करियर लैब स्थापित करेगी। डॉ. मुकुल सती ने बताया कि एआई लैब बनने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को करियर मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही छात्र भविष्य के लिए जरूरी कौशलों को लेकर भी सशक्त बनेंगे। इन लैब के माध्यम से छात्र एआई आधारित आधुनिक तकनीकों से भी परिचित होंगे। जो उन्हें करियर चुनने के साथ ही व्यक्तिगत योग्यता मूल्यांकन में भी मदद करेगा। साथ ही रोजगार को लेकर भविष्य के फैसलों भी मार्गदर्शन करने का काम किया जाएगा। नोडल अधिकारी डॉ. बीपी मैंदोली ने बताया कि इन लैब से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के छात्रों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए करियर संबंधी परामर्श, क्षमता परीक्षण और विभिन्न व्यावसायिक विकल्पों की जानकारी मिल पाएगी। यह राज्य की युवा पीढ़ी के लिए खासतौर पर सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्हें राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाएगी। यह तकनीक में नवाचार को प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल है। सीईओ सौरभ कुमार ने बताया कि एआई करियर लैब विश्लेषण आधारित सुझाव छात्रों को देगी। इससे उन्हें अपनी रुचि और योग्यता के आधार पर करियर चुनने में मदद मलेगी। इस मौके पर समन्वयक विधि वीसी थपलियाल, बियॉन्ड मेंटॉर के राज्य प्रमुख जगमोहन सिंह नेगी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

