मेरठ 11 नवंबर (आरएनएस )। मेरठ के तेजगढ़ी चौराहे पर छोटी दीपावली के दिन ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर का नाम लेकर भाजपा नेता विकुल चपराना ने व्यापारी सत्यम रस्तोगी से नाक रगड़वाने के मामले का बृहस्पतिवार को पटाक्षेप हो गया। सर्किट हाउस में भाजपा जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।
समझौते की पटकथा भाजपाइयों व सर्वसमाज के लोगों ने लिखी। सत्यम और उसके भाई आदित्य ने एसएसपी के नाम शपथपत्र दिया। इसमें कहा कि मेडिकल थाना पुलिस ने जो धाराएं बढ़ाई हैं, वो घटनाएं उनके साथ नहीं हुईं। दोनों पक्षों की ओर से समझौतानामा जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पीडि़त सत्यम और उनके भाई आदित्य एसएसपी के नाम शपथपत्र लेकर आए। इसमें सत्यम ने लिखवाया कि जो धाराएं रंगदारी और धमकाने की मुकद्मे में बढ़ाई गईं, वह उचित नहीं हैं। ऐसी घटना नहीं हुई। वह नहीं चाहते कि मुकदमे में कोई भी आरोपी गलत धारा में संलिप्त रहे। गलत धाराएं हटाई जानी चाहिए।
इस दौरान सांसद अरुण गोविल, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, कमल दत्त शर्मा, संयुक्त व्यापार संघ निर्वाचित के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, जयकरण गुप्ता व विनीत अग्रवाल शारदा आदि मौजूद रहे।
वहीं, हरिश्चंद्र वंशीय महासभा से राकेश रस्तोगी पूर्व सभासद, राजू रसराज, संजीव रस्तोगी, अशोक रस्तोगी, संजीव रस्तोगी एलोरा व गुर्जर परिषद के अध्यक्ष भोपाल सिंह गुर्जर, वीरेंद्र सिंह गुर्जर, जगदीश पूठा, गुर्जर सभा अध्यक्ष नवाब सिंह लखवाया, मेरठ ब्लॉक प्रमुख नितिन कसाना, जिला पंचायत सदस्य विपिन भड़ाना, जगत सिंह दोसा, पार्षद भारत भडाना, अश्वनी गुर्जर व रणपाल आदि मौजूद रहे।
दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात बैठक में रखी। सभी ने दोनों समाजों की भावनाओं को समझा और समझौते की दिशा में सभी को सहमत किया। समझौता का इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, आपसी सम्मान और भाईचारा बनाए रखना है। -अमित अग्रवाल, विधायक।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

