बीजापुर, 11 नवंबर (आरएनएस)। माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध वनांचल एवं अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्रों में चलाए जा रहे सतत एवं प्रभावी अभियानों के तहत, जिला बीजापुर के तारलागुड़ क्षेत्र में अन्नाराम के जंगलों में माओवादियों एवं सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ में 6 नक्सलियों को मारे जाने की खबर है। वहीं एक घायल नक्सली को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल घायल माओवादी का उपचार एवं पूछताछ जारी है। वहीं क्षेत्र में सुरक्षा बलों के द्वारा सर्चिंग अभियान निरंतर जारी है। मौके से जवानों ने आटोमैटिक हथियार सहित 06 माओवादी का शव बरामद किया है।
बता दें कि बीजापुर जिले के नेशनल क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर मंगलवार को डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा एवं एसटीएफ की संयुक्त पार्टी ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही जवानों की टीम तारलागुड़ क्षेत्र में अन्नाराम के जंगल पहुंची माओवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में जवानों ने 6 नक्सलियो को ढेर कर दिया है वहीं मुठभेड़ अभी भी जारी है।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि इस अभियान के दौरान 11/11/2025 के सुबह 10 बजे से डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा एवं एसटीएफ की सयुंक्त टीमों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।अब तक सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से 06 माओवादी के शव, ऑटोमैटिक हथियार इंसास, स्टेनगन, .303 रायफल सहित अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री एवं माओवादी सामग्री मौके से बरामद हुई है।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, सुन्दरराज पी. ने कहा कि आज के अभियान का परिणाम, जिसमें 06 कुख्यात माओवादी कैडर मारे गए हैं, सुरक्षा बलों के लिए एक निर्णायक और महत्वपूर्ण बढ़त है। यह सफलता ऐसे समय में मिली है जब माओवादी संगठन नेतृत्वविहीन, दिशाहीन और मनोबलहीन स्थिति में अपने कुछ बचे हुए ठिकानों में सिमटकर रह गया है। डीआरजी/एसटीएफ/बस्तर फायटर्स/सीआरपीएफ/सीएएफ पुलिस बल की अतिरिक्त टीमें आसपास के क्षेत्रों में भेजी गई हैं, ताकि अन्य फरार माओवादी कैडरों की घेराबंदी की जा सके। चूंकि ऑपरेशन अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या तथा अन्य संवेदनशील जानकारी इस समय साझा नहीं की जा सकती, ताकि ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

