मोतिगरपुर/सुल्तानपुर 12 नवंबर (आरएनएस )। सुल्तानपुर जिले के मोतिगरपुर क्षेत्र स्थित घूरीपुर गांव में एक नि:शुल्क कोचिंग सेंटर पर गुरुवार को समाजसेवियों ने 20 छात्र-छात्राओं को मुफ्त पुस्तकें वितरित कीं। इस पहल से बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा। यह कोचिंग सेंटर कैथाना उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक अरुण कुमार प्रजापति द्वारा संचालित किया जाता है। वे पिछले कई वर्षों से कक्षा पांचवीं से आठवीं तक के बच्चों को राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा, श्रेष्ठा परीक्षा और नवोदय परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी करा रहे हैं। वर्तमान में, बागसराय, राघवपुर, गोरसरा, भैरोपुर, खनुहट, पारसपट्टी, बढ़ौनाडीह और आलापुर जैसे लगभग पंद्रह गांवों से 150 बच्चे रोजाना शाम तीन से पांच बजे तक यहां पढऩे आते हैं। इस सेंटर से अब तक दर्जनों विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं, जिसके कारण यहां बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पुस्तक वितरण कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष विनय प्रजापति, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि कौशल सिंह, प्रेमसागर वर्मा कल्लू, प्रेमनाथ सिंह, शिक्षक शरद मिश्र, नीरज सिंह और नागेंद्र यादव उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने गांव का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

