लखनऊ 12 नवंबर (आरएनएस )। थाना नगराम क्षेत्र के छतौनी रोड स्थित एक वैध लाइसेंसधारी पटाखा फैक्ट्री में बुधवार को अचानक आग लग गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 12 नवंबर 2025 को थाना नगराम क्षेत्र के छतौनी रोड पर रिहायशी इलाके से दूर खेतों में स्थित वैध लाइसेंसधारी इशरत अली की पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। फैक्ट्री के भंडारण एवं निर्माण के लिए जारी लाइसेंस की वैधता वर्ष 2027 तक है।सूचना मिलते ही थाना नगराम पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि पास के खेतों में पराली जलाने से उठी चिंगारी फैक्ट्री के भंडारण स्थल तक पहुंच गई, जिससे वहां रखे पटाखों में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया घटना में किसी के भी हताहत अथवा घायल होने की कोई सूचना नहीं है।फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से पराली जलाने को आग लगने का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आग लगने की सटीक वजह और संभावित क्षति का आकलन करने के लिए संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी गई है।स्थानीय ग्रामीणों ने भी बताया कि खेतों में पराली जलाने की वजह से चिंगारी उड़कर फैक्ट्री तक पहुंची थी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पराली जलाने जैसी गतिविधियों से बचें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

