देहरादून,13 नवंबर (आरएनएस)। डाल्फिन (पीजी) इंस्टीट्यूट आफ बायोमेडिकल एंड नेचुरल साइंसेज में गुरुवार को नालेज स्पार्क 2025-डाल्फिन स्कूल कनेक्ट सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के 27 विद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, खगोलिकी, संसदीय संवाद और रचनात्मकता के विविध आयामों में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। जो युवा सोच, नवाचार और संवाद का मंच बना। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृत शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक डा. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। डीन रिसर्च डा. वर्षा पारचा ने संस्थान की शैक्षणिक व शोध उपलब्धियों का परिचय दिया, जबकि डीन अकादमिक प्रो. ज्ञानेंद्र अवस्थी ने कार्यक्रम की रूपरेखा और विद्यालय-संवाद पहल के उद्देश्यों की जानकारी दी। डा. घिल्डियाल ने मूल्य-आधारित शिक्षा, भाषा-संस्कृति और समग्र विकास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह विद्यार्थियों में जिज्ञासा, विवेक और नैतिकता को समान रूप से विकसित करे। उद्घाटन सत्र का समापन डा. श्रुति शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पहले दिन आयोजित अंतर-विद्यालय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और कार्यशील माडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, पर्यावरण, सामाजिक नवाचार और तकनीकी विषयों पर अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। करियर मार्गदर्शन एवं विशेषज्ञ संवाद सत्र में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विषय चयन और भविष्य के अवसरों पर उपयोगी जानकारी दी गई। शाम का मुख्य आकर्षण रहा तारामंडल दर्शन एवं दूरबीन अभ्यास सत्र, जिसे पनर्वसु खगोल विज्ञान क्लब ने संचालित किया। विद्यार्थियों ने इसमें चंद्रमा, शनि ग्रह, तारामंडल और आकाशगंगा का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। दूसरे दिन आयोजित युवा संसद में विद्यार्थियों ने शिक्षा सुधार, पर्यावरणीय जिम्मेदारी, राष्ट्रीय विकास और युवा शक्ति जैसे मुद्दों पर गंभीर, तार्किक और अनुशासित तर्क प्रस्तुत किए। संवाद की इस प्रक्रिया ने उनमें न केवल वक्तृत्व कौशल को निखारा, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाई। समापन सत्र की अध्यक्षता माउंटफोर्ट अकादमी की प्रधानाचार्य डा. पारुल शर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों की ऊर्जा, अनुशासन और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान की यह पहल विद्यालय स्तर पर संवाद, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने की दिशा में अत्यंत सराहनीय कदम है। अंत में प्रश्नोत्तरी, माडल प्रदर्शन और युवा संसद के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

