जांजगीर-चांपा, 01 मई (आरएनएस)। जांजगीर-चांपा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब का परिवहन कर बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन कर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस टीम ने बनारी रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलेश कश्यप (33 वर्ष), निवासी ग्राम मुनुंद, जांजगीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 4000 रुपये है, और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) जब्त की है। कुल मिलाकर 54 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के निर्देश पर की गई है। अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रूप से अभियान चला रही है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक शंकर राजपूत और नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।
०


