रायपुर, 16 जून (आरएनएस)। राजधानी में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम ने दो वाहन चोरों और चोरी की बाइक खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 चोरी की दोपहिया वाहन समेत कुल 13 बाइक जब्त की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 5.20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में वाहन चोरी के मामलों की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को 15 जून को सूचना मिली कि तेलीबांधा क्षेत्र में दो युवक एक संदिग्ध बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संतोष कुमार गुप्ता (32) और असरफ अली (22) को पकड़ा। पूछताछ के दौरान दोनों वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से करीब एक दर्जन दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गई बाइकें वे कुंद्रापारा निवासी फैजान खान (25) को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने फैजान खान को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 12 बाइक और वारदात में प्रयुक्त एक अन्य बाइक जब्त की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद वाहनों से संबंधित मामले थाना तेलीबांधा, खम्हारडीह और सरस्वती नगर में दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी संतोष कुमार गुप्ता पहले भी वर्ष 2023 में 40 से अधिक दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।.
०


