दुर्गं, 16 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नंदिनी नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग प्रकरणों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 305 पौवा अंग्रेजी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त दो वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 1 लाख 86 हजार 600 रुपये बताया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ व्यक्ति अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने अहिवारा बायपास स्थित ग्राम संडी मोड़ मेन रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार ताम्रध्वज ध्रुव (19 वर्ष) निवासी ग्राम पिरदा, भिंभौरी जिला बेमेतरा तथा जावेद टंडन (24 वर्ष) निवासी ग्राम डूमर, थाना नंदिनी नगर जिला दुर्ग को पकड़कर तलाशी ली। उनके कब्जे से 255 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया।
इसी दौरान एक अन्य सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजकुमार बंजारे (40 वर्ष) निवासी ग्राम मलपुरीखुर्द, थाना नंदिनी नगर जिला दुर्ग को जुपीटर स्कूटी सहित गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 50 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 305 पौवा अंग्रेजी शराब, एक मोटरसाइकिल और एक जुपीटर स्कूटी जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने की नीयत से शराब का अवैध परिवहन और बिक्री कर रहे थे। इस कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस एवं एसीसीयू टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, गांजा, अन्य मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी पुलिस या नशा विरोधी हेल्पलाइन 1933 पर तत्काल दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०


