अंतागढ़, 16 जून (आरएनएस)। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर अंतागढ़ पुलिस एवं लाइफ सेवर्स ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में नगर के सामुदायिक भवन में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 55 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। रक्तदाताओं को हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया गया तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में आयोजित इस शिविर में अंतागढ़ नगर सहित पूरे अनुविभाग क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना, लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक बनाना और समाज में मानव सेवा की भावना को बढ़ावा देना था। इस दौरान उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व, स्वास्थ्य संबंधी लाभों तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अंतागढ़ पुलिस ने विशेष यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया। नागरिकों और वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वैध दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में नागरिकों की भूमिका पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
रक्तदान जैसे मानवीय कार्य में योगदान देने वाले सभी 55 रक्तदाताओं को अंतागढ़ पुलिस और लाइफ सेवर्स ग्रुप द्वारा हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि हेलमेट वितरण का उद्देश्य रक्तदाताओं का सम्मान करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
अंतागढ़ पुलिस ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के तहत समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों और जनजागरूकता अभियानों का आयोजन कर नागरिकों को जनहित के विषयों से जोडऩे तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
०


