गरियाबंद, 09 जुलाईं (आरएनएस)। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से स्कूल बसों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 18 स्कूल बसों की जांच की गई, जिनमें से 6 बसों पर मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, सड़क पर वाहन चलाते मिले 7 नाबालिग छात्रों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान श्रद्धा पब्लिक स्कूल, द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल और एंग्लो एंजल्स पब्लिक स्कूल की बसों का निरीक्षण किया गया। जांच में कई बसों का फिटनेस सर्टिफिकेट समाप्त मिला, जबकि उनमें लगे अग्निशमन यंत्र भी एक्सपायर पाए गए। इस पर परिवहन विभाग ने मौके पर ही संबंधित बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने सड़क पर दोपहिया वाहन चलाते हुए 7 नाबालिग स्कूली बच्चों को भी पकड़ा और उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी है। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन न चलाने दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्कूल बसों और यातायात नियमों के पालन को लेकर यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०




