बिलासपुर, 15 जुलाईं (आरएनएस)। यातायात पुलिस बिलासपुर ने सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के शासकीय, अर्धशासकीय और निजी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं स्कूल प्रबंधकों की बैठक आयोजित की। बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्कूलों में सड़क सुरक्षा के नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
कार्यक्रम पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। इसमें जिले के 350 से अधिक स्कूल प्रबंधक एवं प्राचार्य शामिल हुए।
बैठक में डीआईजी-एसएसपी ने सर्वोच्च न्यायालय की 18 बिंदुओं वाली स्कूल बस सुरक्षा गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से कहा कि विद्यार्थियों के स्कूल आने-जाने और परिवहन व्यवस्था में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।
उन्होंने स्कूल परिसर और आसपास किसी भी संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को देने की सलाह दी। साथ ही स्कूलों में विद्यार्थियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने, नाबालिगों द्वारा मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों के दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा उन्हें किसी भी असामाजिक गतिविधि से दूर रखने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए कि विद्यालय परिसर में प्रमुख स्थान पर सड़क सुरक्षा संदेश पटल लगाया जाए, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं के कारण, उनके दुष्परिणाम, यातायात नियमों के उल्लंघन पर दंड एवं जुर्माने की जानकारी प्रदर्शित की जाए। इसके अलावा स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में कोटपा एक्ट के तहत तंबाकू एवं नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को भी कहा गया।
इस अवसर पर यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा तैयार की गई ‘यातायात दिग्दर्शिकाÓ पुस्तक का भी डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने विमोचन किया। इस पुस्तक के माध्यम से प्रत्येक शनिवार को स्कूलों में ‘यातायात की पाठशालाÓ आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और सुरक्षित परिवहन के बारे में नियमित रूप से जागरूक किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालय अपने-अपने मास्टर ट्रेनर के माध्यम से नियमित रूप से सड़क सुरक्षा संबंधी कक्षाएं संचालित करें तथा आवश्यकता अनुसार स्थानीय थाना और यातायात पुलिस के सहयोग से भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, डीएसपी शिव चरण परिहार, आरआई भूपेंद्र गुप्ता सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।
०



