रुद्रपुर,13 नवंबर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार शाम जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य के गांव बण्डिया खुदागंज पहुंचे। उन्होंने मौर्य की पत्नी रंजना मौर्य के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में पूरे प्रदेश की संवेदनाएं मौर्य परिवार के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने रंजना मौर्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि परिवार के किसी सदस्य का खोना अत्यंत पीड़ादायक होता है, लेकिन उनकी स्मृतियां और संस्कार सदैव परिवार के मार्गदर्शन का आधार बने रहेंगे। मंगलवार को दिल्ली में उपचार के दौरान रंजना मौर्य का निधन हो गया था। वहीं मुख्यमंत्री का मौर्य परिवार से वर्षों पुराना संबंध है। जब सीएम उनके घर पहुंचे तो उनकी मुलाकात मौर्य की मां रेशमा देवी से हुई। वह सीएम के गले लगकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। इस भावुक क्षण में सीएम की आंखों में भी आंसू आ गए। उन्होंने स्वयं को संभालते हुए रेशमा देवी को ढांढस बंधाया और कहा कि विधाता के लिखे लेख को कोई नहीं टाल सकता। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अजय और पूरे परिवार को संभालना है। सीएम ने भरोसा दिलाया कि सरकार और पार्टी हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ है। ये रहे मौजूद इस दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, काशापुर मेयर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, चम्पावत डीएम मनीष कुमार, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी चम्पावत एके गणपति, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। सीएम की फटकार के बाद सड़क निर्माण शुरू मुख्यमंत्री धामी जब अजय मौर्य के घर जा रहे थे, तब उन्होंने खटीमा–मझोला मार्ग की बदहाल स्थिति देख नाराजगी जताई। वापसी के दौरान सीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जब एक माह पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तो निर्माण कार्य अब तक शुरू क्यों नहीं हुआ। उन्होंने तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए। सीएम की सख्ती के बाद निर्माण इकाई के ठेकेदार कपूर अहलावत ने बताया कि शुक्रवार से ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मशीनों की उपलब्धता और स्थान तय करने में हुई देरी के कारण कार्य विलंबित था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

