-सरकारी आवास पर फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
मिल्कीपुर-अयोध्या 18 नवंबर (आरएनएस ) ।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज परिसर में मंगलवार सुबह एक दैनिक श्रमिक ने अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 54 वर्षीय राकेश कुमार मौर्य के रूप में हुई है, जो डाभासेमर, मसौधा (अयोध्या) के निवासी थे। घटना तब सामने आई जब सुबह देर तक राकेश अपने कमरे से बाहर नहीं निकले। संदेह होने पर आसपास के लोग उनके विश्वविद्यालय स्थित आवास पर पहुंचे। काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी विनोद सिंह को सूचना दी गई।
सुरक्षा अधिकारी विनोद सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक कारपेंटर को बुलाया और दरवाजा खुलवाया। कमरे के भीतर राकेश कुमार मौर्य फांसी के फंदे पर लटके हुए पाए गए। जिसकी तत्काल कुमारगंज पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उप निरीक्षक धनीराम वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक राकेश कुमार मौर्य विश्वविद्यालय के कमरा नंबर डी-132 में रहते थे और दैनिक श्रमिक के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, उनके भाई राजेंद्र कुमार मौर्य भी कृषि विश्वविद्यालय में सरकारी कर्मचारी हैं और राकेश उन्हीं के आवास में रह रहे थे। घटना के समय राजेंद्र अपने पैतृक गांव गए हुए थे, जिससे राकेश कमरे में अकेले थे। भाई राजेंद्र कुमार ने बताया कि राकेश की मानसिक स्थिति कुछ दिनों से ठीक नहीं थी, लेकिन आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहा, इसका कोई स्पष्ट अंदाज़ा नहीं लगाया जा सका। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। विश्वविद्यालय परिसर में इस घटना से हड़कंप मचा हुआ है। कर्मचारियों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि परिसर में आये दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का कारण स्पष्ट हो पाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

