अयोध्या 18 नवंबर (आरएनएस )। देश व प्रदेश में दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों के ऊपर अंधाधुंध किए जा रहे अत्याचार के खिलाफ और गरीबों, किसानों, मजदूरों की जटिल समस्याओं को लेकर देशव्यापी आह्वान पर मंगलवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने जिला मुख्यालय तहसील सदर पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के माध्यम से ऊंचाहार रायबरेली में हरिओम वाल्मीकि की माबलिंचिंग करके की हत्या, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की घटना, हरियाणा के एडीजीपी पूरन कुमार की जातीय उत्पीडऩ व आत्महत्या की घटना, लखनऊ के थाना बन्थरा की कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा के साथ दिनदहाड़े सामूहिक बलात्कार, मलिहाबाद में रामपाल को सवर्ण सामन्तियों द्वारा पेशाब चटवाने, उन्नाव में सामंतों द्वारा 14 वर्षीय रितिक यादव की जघन्य हत्या, बरेली और प्रदेश के अन्य जगहों पर अल्पसंख्यकों पर क्रूर अत्याचार, बुल्डोजर द्वारा वर्षों से बसे बसाए लोगों के घरों को गिराए जाने के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। जिला सचिव अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रदेश में संविधान और कानून के राज की जगह योगी सरकार गरीबों के आशियानों के ऊपर गैरकानूनी ढंग से बुल्डोजर चला रही है। पूरे प्रदेश में सामंती ताकतों का मनोबल सातवें आसमान पर है जो समाज के कमजोर वर्गों पर कहर बरपा रहे हैं, कानून व्यवस्था ध्वस्त है, भ्रष्टाचार का बोलबाला है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी किसी भी तरह के अत्याचार और अन्याय पर चुप नहीं रहेगी। प्रदर्शन में सहायक सचिव शैलेन्द्र प्रताप सिंह, रामजी राम यादव, उदयचंद यादव, ओमप्रकाश, बद्री प्रसाद यादव, यासीन बेग, यशोदा नन्दन कृष्ण, हरीश कुमार, दीपक वर्मा, राम सागर पाल, राम रतन, श्रीमती देवी , सर्वजीत आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

