-अवध विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ
अयोध्या 18 नवंबर (आरएनएस )। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स (महिला/ पुरुष) प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीडा स्टेडियम डाभासेमर में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह रहे। मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने संबोधन में कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है। खेल को खेल की भावना से खेलें। खिलाड़ी अनुशासित रहकर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करें जिससे खेल के प्रति युवाओं में रुझान पैदा हो। खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करते हुए कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ी प्रतिभावान है, उन्हें अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन राज्य एवं राष्ट्र स्तर पर ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करना है। खिलाडिय़ों को विश्वविद्यालय सभी प्रकार की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि अगली प्रतियोगिता के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिसर में सभी सुविधाएं उपलब्ध हो जाएगी। अंतर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं उनके समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि का स्वागत क्रीडा परिषद उपाध्यक्ष प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी गणमान्य शिक्षको एवं खिलाडिय़ों को बैच लगाकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में 16 संबद्ध महाविद्यालयों ने महिला एवं पुरुष वर्ग दोनों में प्रतिभाग किया। 24 महाविद्यालयों ने पुरुष वर्ग में प्रतिभाग किया। इस प्रकार कुल 379 प्रतिभागियों ने अलग अलग खेलों में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 1500 मी की रेस महिला वर्ग में प्रथम अनीशा पटेल देव इंद्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी एवं द्वितीय श्रेया सिंह रामचरित पीजी कॉलेज बारांबकी, तृतीय श्रेया राज सीताराम सिंह पीजी कॉलेज बारांबकी रहीं। पुरुष वर्ग में प्रथम विकास पटेल एवं द्वितीय सुधीर इंद्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी तृतीय सचिन कुमार आर आर पीजी कॉलेज अमेठी रहे।
चल रही अन्य प्रतियोगिताओं के परिणाम अभी प्रतीक्षित है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्जुन सिंह ने किया। सचिव क्रीड़ा परिषद डॉ आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि यह आयोजन 18 से 21 नवम्बर तक चलेगा। इस प्रतियोगिता में संबद्ध महाविद्यालयों के खिलाड़ी बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता का संचालन उपसचिव क्रीड़ा परिषद डॉ. अनुराग पांडेय ने किया। इस अवसर पर प्रो. एसएस मिश्र, संकायाध्यक्ष आशुतोष सिन्हा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, प्रो. फर्रुख जमाल, प्रो. गंगाराम मिश्र, प्रो. शैलेंद्र कुमार, प्राचार्य प्रो मंजूषा मिश्रा, प्रो. विनय कुमार सिंह, डॉ. मनीष सिंह, डॉ. अनिल मिश्र, डॉ पूनम जोशी डॉ अयूब सिद्दीकी, डॉ अमूल्य सिंह, डॉ. कपिल राणा, डॉ. त्रिलोकी यादव सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालयों के कोच एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

