बॉयफ्रेंड के साथ जाते समय की थी वारदात
प्रयागराज 19 नवंबर (आरएनएस )। बीती 16 अगस्त को कर्जन ब्रिज के नीचे एक नर्स से दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपितों पर अब गैंगस्टर एक्ट लगाया जाएगा। फाफामऊ पुलिस ने आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड और घटना की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई शुरू की है। गैंगस्टर एक्ट लगने से आरोपितों पर कानूनी शिकंजा और कस जाएगा।
पीडि़ता फाफामऊ क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर कार्यरत थी। 16 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे वह अपने ब्वायफ्रेंड के साथ शहर जा रही थी। कर्जन ब्रिज पर स्कूटी रोकने के बाद जब ब्वायफ्रेंड टायलेट के लिए गया, तभी दो युवक वहां पहुंचे और नर्स को जबरन नीचे की ओर घसीटने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने उसके ब्वायफ्रेंड को पीटा और भगा दिया। आरोपितों ने नर्स को कर्जन ब्रिज के नीचे ले जाकर दुष्कर्म किया और उसके साथ मारपीट भी की। इसी दौरान उनके दो अन्य साथी भी मौके पर आ गए। पीडि़ता को धमकाकर वे उसे बाइक पर बैठाकर ले गए। शांतिपुरम चौराहे से पहले वीबीएस स्कूल के पास एक युवक बाइक से उतर गया, जबकि दूसरा आरोपित नर्स को एक निजी अस्पताल के पास छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद फाफामऊ पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच के दौरान हिमांशु सरोज (निवासी बजहा, थाना नवाबगंज) और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपित बरसाती (निवासी गदियानी, सोरांव) को मुठभेड़ में पकड़ा गया। चौथा आरोपित सुजीत भारतीय ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था।
वर्तमान में चारों आरोपित नैनी जेल में बंद हैं। अब उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फाफामऊ थाना प्रभारी अश्वनी सिंह ने बताया, घटना की गंभीरता और आरोपितों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए गैंगस्टर की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए आवश्यक लिखापढ़ी शुरू कर दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

