तीन लोगों के खातों से उड़े 34.77 लाख रुपए, पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज 19 नवंबर (आरएनएस )। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने महिला डॉक्टर समेत तीन लोगों से 34.77 लाख रुपए ठगी कर ली। दो मामलों में व्हॉट्सएप के जरिए शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर रकम ट्रांसफर कराई गई, जबकि तीसरे मामले में खाते से बिना ओटीपी आए ही रुपए गायब हो गए। साइबर थाना पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस की रहने वाली महिला डॉक्टर ने बताया कि तीन सितंबर को उनके व्हॉट्सएप पर एक अंजान नंबर से मैसेज आया। सामने वाले ने खुद को शेयर बाजार का सलाहकार बताकर भरोसा जीता और कहा कि उन्हें मुनाफे वाले आईपीओ में निवेश कराना है। जल्द ही उन्हें एक व्हॉट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया और किस्तों में कुल 8.10 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। जब उन्होंने रुपए निकालने चाहे तो ट्रांजेक्शन फीस और टैक्स क्लियरेंस के नाम पर बार-बार पैसे मांगे जाने लगे। ठगी का अहसास होते ही उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दी।
इसी तरह, सिविल लाइंस के एक व्यक्ति ने बताया कि अगस्त में उनके मोबाइल पर ऐसे ही एक नंबर से मैसेज आया था। ठगों ने उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा, जहां पहले से कई लोग मुनाफे की बातचीत करते दिखे।
भरोसा जमने के बाद उन्होंने भी लाखों रुपए निवेश कर दिए, जो गुम हो गए। तीसरे पीडि़त ने बताया कि उनके खाते से बिना किसी ओटीपी के ही 10 लाख रुपए की निकासी हो गई। फिलहाल तीनों मामलों की जांच साइबर थाना पुलिस कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

