-होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में बीएचएमएस 2025 बैच का इंडक्शन प्रोग्राम व पैरेंट्स-टीचर मीट संपन्न
अयोध्या 19 नवंबर (आरएनएस )। देवकाली स्थित राजकीय बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज व चिकित्सालय में सोमवार को बीएचएमएस 2025 बैच के नवागंतुक छात्र-छात्राओं के लिए इंडक्शन कार्यक्रम व पैरेंट्स-टीचर मीट का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इस दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं ने चिकित्सा सेवा, नैतिक आचरण, मानवता की सेवा तथा अध्ययन के प्रति पूर्ण समर्पण की शपथ ली। प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में छात्रों को होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के उच्च आदर्शों, रोगी-सेवा में करुणा, ईमानदारी एवं व्यावसायिक नैतिकता पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि होम्योपैथी केवल दवा नहीं, बल्कि रोगी के समग्र स्वास्थ्य की चिंता करने वाली जीवन-पद्धति है। आप सभी इसी भावना के साथ आगे बढ़ें। नए छात्रों को महाविद्यालय की पाठ्यक्रम संरचना, आधुनिक प्रयोगशालाओं, अस्पताल की क्लीनिकल सुविधाओं, लाइब्रेरी, हॉस्टल व्यवस्था तथा अनुशासन संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।पैरेंट्स-टीचर मीट में खुला संवाद इंडक्शन के बाद आयोजित पैरेंट्स-टीचर मीट में अभिभावकों व शिक्षकों के बीच सार्थक संवाद हुआ। उपस्थिति प्रणाली, परीक्षा पैटर्न, क्लीनिकल ट्रेनिंग, इंटर्नशिप अवसर तथा भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों ने महाविद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना की तथा अपने सुझाव भी रखे। वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों एवं होम्योपैथिक चिकित्सकों ने छात्रों को होम्योपैथी के क्षेत्र में शोध की अपार संभावनाओं, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में करियर अवसरों तथा पेशेवर विकास के लिए आवश्यक स्किल्स पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। महाविद्यालय प्रशासन ने बीएचएमएस 2025 बैच के सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य एवं सफल चिकित्सकीय जीवन की शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें सेवा, समर्पण और सत्यनिष्ठा के पथ पर अडिग रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर उप-प्राचार्य, सभी विभागाध्यक्ष, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा नवागंतुक छात्र-छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

