कवियों ने ओज, श्रृंगार, भक्ति और वेदना से भिगो दिया पूरा पंडाल, दर्शकों ने खूब बजाई तालियां
रामनगर, बाराबंकी 19 नवंबर (आरएनएस )। महादेवा महोत्सव के मंच पर विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में कवियों की ओजस्वी वाणी, हास्य की फुहार और श्रृंगार की मधुर लहरों ने ऐसा वातावरण रचा कि पूरा सभागार भावनाओं के रस में भीग उठा। मंगलवार को महादेवा महोत्सव में आयोजित स्थानीय कवि सम्मेलन साहित्यिक उत्सव का आकर्षण केंद्र बना। मंच पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ एवं युवा कवियों ने विविध रसों से भरपूर रचनाएँ प्रस्तुत कर श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के वंदन से हुआ, जिसके बाद एक से बढ़कर एक काव्य प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह साहित्यमय कर दिया। कवि सम्मेलन की शुरुआत ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात मनोज मिश्र प्रमोद पंकज, हरिहर दत्त पाण्डे और ओज के प्रखर कवि शिवेश राजा ने अपनी दमदार प्रस्तुति से श्रोताओं की तालियाँ बटोरीं। शिवेश राजा शिवम मिश्र की पंक्तियों ने समसामयिक मुद्दों पर पैना व्यंग्य कर माहौल को जीवंत कर दिया। इसके बाद मुकेश निषा, अयोध्या प्रसाद, राजकुमार शुक्ल, सुधाकर, रोहित और शर्मेश शर्मा ने मंच संभाला। समाज, राजनीति और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित इनके काव्य-पाठ ने श्रोताओं को प्रभावित किया। हास्य और व्यंग्य का मिश्रण उनकी रचनाओं में स्पष्ट झलकता रहा। कवयित्रियों की ओर से सुधा सिंह, सुनील झंझरी, शिवम मिठा, जागृति रावत, जानवी ओझा और ईषा मिश्रा ने मन को छू लेने वाली प्रस्तुतियाँ देकर कार्यक्रम को और समृद्ध बना दिया। उनके काव्य पाठ में संवेदनशीलता, करुणा और सामाजिक संदेशों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। युवा कवियों में रणधीर, नागेन्द्र सिंह, आकाश उमंग, विशाल मिठा, चंद्र प्रकाश, जगन्नाथ निर्दोष, हर्ष और विनीत शर्मा ने उत्साह और नई सोच से भरपूर कविताएँ सुनाकर साहित्य की नई पीढ़ी का परिचय कराया। कार्यक्रम में विनीत उपेन्द्र नादान, सूर्यांशु मिश्रा, सत्येन्द्र सिंह, अरुणेन्द्र सिंह और प्रशांत की प्रस्तुतियों ने भी विविधता और गहराई जोड़ी। कवि सम्मेलन में वीर, श्रंगार, हास्य, करुणा और व्यंग्यकृसभी रसों की अभिव्यक्ति हुई, जिससे पूरा पंडाल देर तक तालियों से गूंजता रहा। महोत्सव का यह साहित्यिक सत्र स्थानीय प्रतिभाओं के प्रदर्शन का एक उत्कृष्ट मंच साबित हुआ और श्रोताओं को एक यादगार काव्य संध्या प्रदान कर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

