बाराबंकी 19 नवंबर (आरएनएस )। जिले के तहसील रामनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत लोधौरा में स्थित विश्व-प्रसिद्ध महादेवा महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को मेला परिसर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता ने माहौल में जोश भर दिया। खेल मैदान के चारों ओर बड़ी संख्या में दर्शक जुटे, जिन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों की गडग़ड़ाहट से पूरा वातावरण गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत रामनगर के ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी ने फीता काटकर की। इस दौरान उन्होंने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर मंच पर क्षेत्र के कई सम्मानित जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। जिसमें भाजपा जिला उपाध्यक्ष शेखर हयारण, सूरतगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कुंवर आशीष सिंह, लोधौरा ग्राम प्रधान अजय तिवारी, मोनू पांडे, खड़ेहरा प्रधान सुरेश यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुढिय़ामऊ राजकुमार सैनी,सूरतगंज बीडीसी सदस्य अशफाक सहित क्षेत्र के अन्य सम्मानित ग्रामीणों की उपस्थिति से कार्यक्रम और भव्य हो उठा। कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों में खिलाडिय़ों ने दमखम दिखाते हुए शानदार दांव-पेंच से दर्शकों का दिल जीत लिया। हर सफल कबड्डी-कबड्डी की पुकार पर मैदान तालियों से गूंजता रहा। खिलाडिय़ों के बीच अंतिम मुकाबला काफी रोमांच से भरा रहा, जिसे देखने के लिए भीड़ देर तक जमी रही। कार्यक्रम संयोजकों ने बताया कि महादेवा महोत्सव में प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। कबड्डी प्रतियोगिता उसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके प्रति युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। स्थानीय प्रशासन और आयोजक समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि महोत्सव के आगामी दिनों में भी कई सांस्कृतिक व खेल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

