लालगंज, मीरजापुर 19 नवंबर (आरएनएस )। बरसात थमी नहीं और किसानों की चिंता बढ़ती गई इसी बेचैनी ने प्रशासन को सीधे खेत तक पहुंचा दिया। बुधवार को मुंशीपुरा गांव में संयुक्त मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह अचानक पहुंचे और शिकायतों की सच्चाई परखने के लिए मौके पर ही क्रॉप कटिंग कराई। लगातार गिरती उपज की आशंका को देखते हुए जांच खेत की मेड़ पर खड़े-खड़े शुरू हुई। 10 मीटर की लंबाई-चौड़ाई में की गई कटिंग में धान का वजन 23 किलो निकला। आकलन के मुताबिक औसत पैदावार 13 से 14 क्विंटल प्रति बीघा बैठी, जिसे अधिकारियों ने सामान्य बताया, लेकिन किसान इसे बारिश की मार का शुरुआती संकेत मान रहे हैं। उनका कहना था कि लगातार हो रही फुहारों ने फसल की जड़ें कमजोर कर दी हैं। जिसका असर आने वाले दिनों में साफ दिखेगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में फसलों की नियमित निगरानी बढ़ाई जाए। जिससे वास्तविक नुकसान का आंकलन समय रहते हो सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उपज में गिरावट दिखते ही आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी। वहीं पर किसानों ने कहा कि खेत में धान की खड़ी फसल का क्राप कटिंग कराया गया है। जो धान की फसल गिरकर या काट कर रखी फसल पानी से नष्ट हो गई उसका उचित मुआवजा मिलना चाहिए। इस मौके पर प्रधानपति राम उजागिर मौर्य के अलावा गांव के किसान मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

