लखनऊ 19 नवंबर (आरएनएस )। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, विशाल खंड-4, गोमतीनगर में 21 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक खादी महोत्सव-2025 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पारंपरिक हस्तशिल्प, खादी उत्पादों और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस दस दिवसीय महोत्सव में प्रदेश भर से 160 से अधिक खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयाँ अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।महोत्सव का उद्घाटन 21 नवंबर को सुबह 11 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर और सचिव प्रांजल यादव शामिल होंगे। कार्यक्रम का संयोजन खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर द्वारा किया जा रहा है।इस महोत्सव में परंपरागत खादी उत्पादों के साथ-साथ प्रदेश के कारीगरों और उद्यमियों को मंच प्रदान किया जा रहा है ताकि वे अपने कौशल और उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत कर सकें। कार्यक्रम के दौरान तीन ग्रामोद्योग राज्य स्तरीय पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे उत्कृष्ट कार्य कर रहे उद्यमियों को सम्मानित किया जा सके।उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए महोत्सव में चयनित लाभार्थियों को दोना मेकिंग मशीन, पॉपकॉर्न मशीन, हनी बॉक्स जैसे उपकरणों के साथ नि:शुल्क टूलकिट भी वितरित की जाएगी। माटी कला बोर्ड द्वारा चयनित लाभार्थियों को विद्युत चालित चाक और पगमिल मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पारंपरिक मृदभांड निर्माण को नई गति मिल सके।खादी महोत्सव-2025 न सिर्फ परंपरा और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का मंच बनेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वावलंबन और स्थानीय उद्यमिता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। प्रदेशभर से आने वाले कारीगर, स्वयं सहायता समूह और उद्यमी अपने उत्पादों के माध्यम से स्थानीय कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, वहीं आगंतुकों को खादी और ग्रामोद्योग की विविधता को समझने और खरीदने का अवसर मिलेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

